कॉलेज के गेट पर छात्रा को पीटा


एटा : जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज के गेट पर मनचलों ने एक छात्रा को पीट दिया। चार दिन से अराजक तत्व कॉलेज के आसपास घूम रहे थे। घटना के बाद महाविद्यालय के स्टाफ की सूचना पर महिला हेल्पलाइन 181 की टीम मौके पर पहुंची और छात्रा को शिकायत करने के लिए कोतवाली पहुंचाया। छात्रा और उसके परिजनों ने हमलावरों के खिलाफ सिटी कोतवाली में एफआइआर दर्ज कराई है।


डिग्री कॉलेज की छात्रा रोज की तरह शुक्रवार को कॉलेज पहुंची थी। पढ़ाई के बाद वह अन्य छात्राओं के साथ घर जा रही थी। तभी दो लड़कों श्रीकांत और शिवम ने उसे रोक लिया। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो लड़कों ने मारपीट शुरू कर दी। सरेआम छात्रा को पिटते देख उसके साथ की अन्य लड़कियां सहम गईं और सड़क पर भीड़ जुट गई। पता चलते ही प्राचार्य और स्टाफ जब हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़ा तो दोनों युवक भाग गए। प्राचार्य अनिल सक्सेना ने महिला हेल्पलाइन 181 नंबर पर तत्काल सूचना दी। तो टीम मौके पर पहुंच गई। छात्रा ने घटना के बारे में पूरी जानकारी दी तो हेल्पलाइन की टीम उसे लेकर कोतवाली पहुंच गई। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। छात्रा ने पुलिस को जानकारी दी कि यह हमलावर अक्सर लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं और कॉलेज के चक्कर काटते रहते हैं। पिछले तीन-चार दिन से वे निरंतर वहां पहुंच रहे थे और छींटाकशी करते थे। पुलिस को जो तहरीर दी गई है उसमें आरोपित कहां के हैं यह नहीं दशार्या गया है। पुलिस इस बारे में पता लगा रही है। इंस्पेक्टर शहर कोतवाली केपी सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है।